राजधानी लखनऊ के श्रवण साहू हत्याकांड की सीबीआई जांच की राह आसान नहीं रही। सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने हाईकोर्ट के आदेश पर जांच शुरू की तो मुख्य आरोपी अकील के खिलाफ कोई सुबूत हाथ नहीं लगा। जेल में बंद अकील ने बेहद शातिराना तरीके से खुद को बचाने के लिए कोई अहम सुराग नहीं छोड़ा था।
सीबीआई की तफ्तीश आगे बढ़ी तो अकील के साथी सत्यम और अजय पटेल की दो महिला मित्रों का पता चला। सीबीआई ने महीनों की मशक्कत के बाद उन्हें तलाशा, लेकिन वह बयान देने को राजी नहीं हुईं। कई बार प्रयास करने के बाद उनके बयान दर्ज हुए तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठने के साथ अकील के मुख्य साजिशकर्ता होने के पुख्ता प्रमाण मिलते चले गए।
ये भी पढ़ें - किस पाली में आएगा कौन सा पेपर... अफसरों को भी नहीं पता; बोर्ड ने बनाई यह रणनीति
ये भी पढ़ें - विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी... कांग्रेस ने बनाया ये प्लान, अब इस रणनीति पर काम कर रही पार्टी
स्पेशल क्राइम ब्रांच के तत्कालीन डिप्टी एसपी ने दिल्ली में सत्यम की महिला मित्र को तलाशा तो पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद वह अजय के साथ उसके पास गया था। तब तक महिला मित्र को घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सीबीआई ने दिल्ली में सत्यम की महिला मित्र का पता लगाया और उसे बयान देने के लिए राजी किया। उसने सीबीआई को बताया कि दिल्ली के उसके घर में सत्यम यू-ट्यूब पर श्रवण साहू हत्याकांड से जुड़ी खबर को देख रहा था। यह देखकर वह चौंक गई क्योंकि जब वह लखनऊ में सत्यम के साथ रहती थी, तब अकील व अन्य साथी श्रवण साहू को ठिकाने लगाने की साजिश रच रहे थे।
उसने सीबीआई को बताया कि अकील ने सत्यम को उसके सामने अखबार में लपेटकर एक पिस्टल भी दी थी। इसके बाद सीबीआई ने लखनऊ में सत्यम के मकान मालिक और पड़ोसियों से पूछताछ की तो सारा राज खुलता चला गया। महिला मित्र और पड़ोसियों ने जब शूटरों की फुटेज देखी तो उन्होंने सबको पहचान लिया।
सत्यम से हुआ था झगड़ा
महिला मित्र ने बताया कि सत्यम और अजय पटेल देह व्यापार और हथियारों को बेचने का काम करते थे। इसकी जानकारी मिलने पर उसका सत्यम से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह दिल्ली आ गई थी। सत्यम के घर के पास ही अजय पटेल भी अपनी महिला मित्र के साथ रहता था, जबकि अकील भी दूसरे केस में जमानत पर छूटने के बाद सत्यम के घर पर आकर रहने लगा था। अकील के साथ उसका ड्राइवर बाबू खां और रोहित मिश्रा भी रहते थे। जबकि फैजल, विवेक आदि साथी लगातार आते रहते थे। इसके बाद सीबीआई ने सत्यम और अजय के घर पर खाना बनाने वाले युवक को तलाशा। उसने भी फुटेज से अकील के सभी साथियों की शिनाख्त कर दी। इसके बाद सीबीआई ने केस में फैजल और बाबू खां को भी आरोपी बनाया। वहीं रोहित मिश्रा ने बयान दिया कि वह भी अकील के इशारे पर श्रवण साहू की रेकी करने गया था। उसने सत्यम के घर पर श्रवण साहू को ठिकाने लगाने की साजिश रचे जाने की बात भी कबूली।
चोरी की थी पिस्टल
जिस पिस्टल से श्रवण साहू की हत्या की गई, उसे चोरी किया गया था। वह किसी मुस्लिम युवक की थी, जिसने घटना के दो माह पहले चोरी का केस भी दर्ज कराया था। सीबीआई का शक उस पर भी गया, लेकिन अकील से उसका कोई कनेक्शन नहीं मिला। हालांकि उसने जिन परिस्थितियों में पिस्टल चोरी होने की बात मुकदमे में बताई थी, वह आज भी सीबीआई के लिए रहस्यमय बनी हुई है। सीबीआई जांच में यह भी सामने आया कि अकील ने जेल में रहते हुए अपने साथी राज सिंह को किसी की हत्या करने के लिए पैसों के साथ पिस्टल भी दी थी। यह भी पता चला कि घटना के कुछ दिन पहले अकील के साथियों ने श्रवण साहू को रास्ते में रोककर पिस्टल लगाकर अपने बेटे की हत्या के मुकदमे की पैरवी नहीं करने के लिए धमकाया भी था।
एसएसपी ने की थी लापरवाही
सीबीआई ने जांच के दौरान श्रवण साहू को गनर मुहैया कराने में देरी करने पर तत्कालीन डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी मंजिल सैनी से भी पूछताछ की थी। हालांकि जीएस प्रियदर्शी करीब एक हफ्ता पूर्व ही डीएम बने थे और गणतंत्र दिवस के आयोजन की तैयारियों में व्यस्त थे। सीबीआई ने पाया कि एसएसपी मंजिल सैनी ने श्रवण साहू को गनर देने की अनुमति प्रदान करने के लिए डीएम से मिलकर पैरवी नहीं की। इसी वजह से सीबीआई ने राज्य सरकार से उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की सिफारिश की थी। इसकी जांच एडीजी अभिसूचना भगवान स्वरूप को सौंपी गई थी। इसमें बाद में मंजिल सैनी को क्लीन चिट मिल गई।
20 मीटर की दूरी पर रहती थी पुलिस
श्रवण साहू की जान पर खतरा होने की वजह से स्थानीय पुलिस ने उनके घर के पास सुरक्षा मुहैया कराई थी। श्रवण के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर उनके छोटे बेटे सुनीत का मेडिकल स्टोर था। घर व दुकान के बीच स्थित चौराहे पर 3-4 पुलिसकर्मी मौजूद रहते थे। हालांकि शूटरों ने बेखौफ होकर श्रवण साहू की हत्या कर दी थी। फुटेज से पता चला था कि दोनों शूटरों ने हेलमेट भी श्रवण साहू के घर के बाहर आने के बाद पहना था।