धनतेरस पर मंगलवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व का शुभारंभ हो जाएगा। महालक्ष्मी के स्वागत के लिए हजरतगंज, अमीनाबाद, चौक, आलमबाग, महानगर, भूतनाथ, पत्रकारपुरम स्थित सोने, चांदी, हीरे के गहने, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, साड़ी, रेडीमेड कपड़े, मिठाइयां, कम्प्यूटर, कार और बाइक के शोरूम दुल्हन की तरह सज चुके हैं।
धनतेरस पर गहने, कार, बाइक घर लाने के लिए लोगों ने सोमवार देर रात बुकिंग कराई। कारोबारियों का अनुमान है कि राजधानीवासी इस बार 1300 करोड़ रुपये की खरीद फरोख्त करके धनतेरस मनाएंगे।
धनतेरस पर सबसे ज्यादा कारोबार ज्वैलरी और ऑटोमोबाइल का होता है। इसमें 400 करोड़ से अधिक की कार एवं बाइक बिकने की उम्मीद है। कारोबारियों ने बताया कि ज्वैलरी शोरूम में 50-50 लाख रुपये के डायमंड सेट को सजाया गया है। धनतेरस की पूर्व संध्या पर 5 से 9 लाख रुपये के अनब्रांडेड सोने के सेट भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
इसके अलावा सोने के छोटे-छोटे आइटम चेन, टॉप्स, बिंदी, झुमकी, कंगन, हार, अंगूठी की बंपर सेल होती है। चौक के कारोबारी आदीश जैन बताते हैं कि पिछली धनतेरस पर 92 किलो सोने के अनब्रांडेड गहने 28 करोड़ 22 लाख रुपये में बिके थे, जबकि 3.60 क्विंटल चांदी के गहने 1.70 करोड़ में बिके थे। इससे पहले वर्ष 2015 में धनतेरस पर 85 किलो सोना एवं 3 क्विंटल चांदी क्रमश: 23 करोड़ 50 लाख एवं 1 करोड़ 25 लाख रुपये की बिकी थी।
उम्मीद : 400 करोड़ के गहने पहुंचेंगे घर
- फोटो : amar ujala
अनब्रांडेड के छोटे एवं बड़े 4500 और ब्रांडेड गहनों के चार शोरूम सोने, डायमंड, चांदी की चेन, टॉप्स, बिंदी, झुमकी, कंगन, हार और अंगूठी की नई-नई डिजाइन के साथ सज चुके हैं। उम्मीद है कि मंगलवार को 400 करोड़ रुपये के गहनों की बिक्री होगी।
सोने में निवेश
लखनऊ सराफा एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप कुमार अग्रवाल का कहना कि केंद्र सरकार ने दो लाख रुपये तक सोने, चांदी, डायमंड के गहने खरीदने पर पैन कार्ड की अनिवार्यता खत्म कर दी है। इससे सोने में निवेश हो सकता है। भविष्य में सोना महंगा होने की उम्मीद है।
गणेश-लक्ष्मी की बुकिंग
धनतेरस के एक दिन पहले सोमवार से ही सोने एवं चांदी के गणेश-लक्ष्मी, पूजा थाली, चांदी के दीपक, मंदिर और सिक्कों की बुकिंग शुरू हो चुकी थी। धनतेरस पर भीड़ अधिक होने के कारण ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग शुरू करा दी है।
धनतेरस पर पिछले और इस साल का रेट
- फोटो : amar ujala
धातु--2016--2017
सोना--30,460--30,650
चांदी--43,200--41,300
तांबा--450-1000--500-1200
पीतल--350-700--400-900
(रेट : सोना रुपये प्रति 10 ग्राम और बाकी रुपये प्रति किलो)
बिकने की उम्मीद
मोबाइल--75,000
होम थिएटर--25,000
एलईडी--15,000
लैपटॉप--10000
बाइक--9000
कार--3500
पूजन सामग्री--कीमत
चांदी के गणेश-लक्ष्मी-- रुपये 500 से 1.75 लाख
चांदी का दीपक--रुपये 250 से 500
चांदी के मंदिर--रुपये 5000 से 25,000
कुल कारोबार रुपये (करोड़ में)
बुलियन व गहने--400
ऑटोमोबाइल--400
इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स--200
कपड़े--100
फर्नीचर--50
मिष्ठान, ड्राई फ्रूट--150 (नोट : आंकड़ों के स्रोत ट्रेड कारोबारी)