सीवर सफाई के लिए ठेका लेने वाली कंपनी की लापरवाही से लॉकडाउन में लखनऊ में सीवर की सफाई का काम शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा है। इससे हजरतगंज बोर्ड के कई इलाकों में सीवर चोक होने से गंदा पानी सड़क पर उफना रहा है।
समस्या से सैकड़ों लोग परेशान हैं। सीवर चोक होने से लोगों के घरों में टॉयलेट भी उफना रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद ने निजी कंपनी के जोनल प्रभारी से लेकर कंपनी के वरिष्ठ प्रोजेक्ट मैनेजर तक से बात की, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी है।
हजरतगंज राम तीरथ वार्ड के पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वजीर हसन सहित कई इलाकों में सीवर चोक है। जब से लॉकडाउन हुआ है तब से निजी कंपनी शुएज इंडिया के कर्मचारी गायब हैं।
उनके जो जोनल प्रभारी हैं उनको फोन किया गया तो भी काम नहीं हुआ। इसके बाद कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को फोन किया, फिर भी काम नहीं हुआ। कंपनी ने कोई ऑफिस भी नहीं बनाया है। मैनहोल की सफाई न होने से अब लोगों के घरों के अंदर टॉयलेट उफनाने लगे हैं। इससे सब परेशान हैं।