परिवहन निगम की हर रूट पर चलने वाली 9500 बसों की अपनी पहचान होगी। इसके
लिए निगम ने बस को कोड आवंटित करने की तैयारी की है।
यानी बस का कोड बताएगा
कि वह कहां तक जाएगी। बसों के ये कोड 20 फरवरी तक निगम की वेबसाइट पर
अपलोड कर दिए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश भर से रूट पर संचालित बसों का विवरण
मांगा गया है।
प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार
मेश्राम के अनुसार रेलवे की तर्ज पर बसों पर सर्विस कोड आवंटित होंगे। यह
सर्विस कोड चार शब्द व अंकों में होगा। पहले शब्द में अक्षर और बाकी अन्य
अंक होंगे।
इस संबंध में प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि निगम ने जेड
गाजियाबाद, टी मेरठ एवं एस सहारनपुर क्षेत्र के लिए सर्विस कोड का शब्द
आवंटित किया है।
उन्होंने बताया कि जिस रूट पर अधिक संख्या में बसों का
संचालन होता है, वहां कोड में एकरूपता बनाए रखी गई है। जैसे
इलाहाबाद-जौनपुर-आजमगढ़-गोरखपुर क्षेत्र के रूट के लिए सर्विस कोड 101 है।
लेकिन इलाहाबाद क्षेत्र का पी-101 एवं आजमगढ़ क्षेत्र का ए-101 सर्विस कोड
निर्धारित हुआ है। गोरखपुर-आजमगढ़-जौनपुर-इलाहाबाद रूट का सर्विस कोड 102
आवंटित हुआ है।
उन्होंने बताया कि अप रूट की बस का कोड अंक सम एवं डाडन रूट
की बस का कोड अंक विषम रहेगा। वेबसाइट के जरिये जनता सर्विस कोड से बस रूट
की जानकारी हासिल कर सकेगी।