प्रदेश भर में इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) के ऑनलाइन फॉर्म शनिवार को जारी हो गए।
एसईई के तहत एमबीए, एमसीए, मास्टर ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट (एमएएम), बीटेक, बीऑर्क, बीफॉर्मा, बीएचएमसीटी, बीएफएडी व बीएफए कोर्सेज के फॉर्म www.upsee.nic.in पर उपलब्ध होंगे।
ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कत होगी, उनके लिए इंजीनियरिंग कॉलेजों में हेल्प डेस्क रहेगी।
सामान्य व ओबीसी के अभ्यर्थियों को फॉर्म 1000 व एससी-एसटी और किसी भी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए फॉर्म की कीमत 500 रुपये है।
फॉर्म का शुल्क ई-चालान से पंजाब नेशनल बैंक की किसी भी शाखा में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा क्रेडिट व डेबिट कार्ड के माध्यम से भी फीस जमा की जा सकती है।
फॉर्म भरने की आखिरी तारीख पांच अप्रैल है। सात अप्रैल तक डाक के माध्यम से यूपीटीयू को ऑनलाइन फॉर्म का कन्फर्मेशन पेज भेजना होगा।
शुक्रवार को यूपीटीयू में एसईई-2014 के ऑनलाइन आवेदन के बारे में जानकारी देने के लिए हुई पत्रकार वार्ता में कुलपति डॉ. आरके खांडल ने बताया कि इस बार अभ्यर्थियों को सबसे बड़ी सुविधा यह दी गई है कि उन्हें डाक घर में लाइन लगाकर फॉर्म खरीदना नहीं पड़ेगा।
इस बार सिर्फ ऑनलाइन फॉर्म ही जारी किए जा रहे हैं। जिन्हें ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कत होगी, वे हेल्प डेस्क के माध्यम से फॉर्म भर सकेंगे।
स्टूडेंट वहीं पर अपना फॉर्म पेन से भरेगा और एक्सपर्ट उसका ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर जमा कर देंगे।
डॉ. खांडल ने बताया कि हेल्प डेस्क पर स्टूडेंट्स को फॉर्म भरने के साथ-साथ मौके पर ही कैमरे से उनकी फोटो खींचने और फिर थंब इंप्रेशन व साइन करवाकर ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करने की व्यवस्था होगी।
स्टूडेंट अपने ऑनलाइन फॉर्म पर जो फोटो अपलोड करेंगे, वह जेपीईजी फॉर्मेट में होनी चाहिए। इसकी पूरी जानकारी फॉर्म पर उपलब्ध है।
सात अप्रैल तक अभ्यर्थी को रजिस्ट्रार (यूपीएसईई 2014), उप्र प्राविधिक विश्वविद्यालय आईईटी कैम्पस सीतापुर रोड, लखनऊ 2260 21 पर डाक के माध्यम से भेजना होगा।
कन्फर्मेशन पेज पर स्टूडेंट अपनी वही फोटो लगाएगा, जिसे उसने फॉर्म पर अपलोड किया है।