यूपी डीजीपी ओपी सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश में नए डीजीपी के लिए अभी से कवायद शुरू हो गई है। इस बार डीजीपी का सेलेक्शन यूपीएससी को करना है। इसके लिए रिटायरमेंट से कम से कम तीन महीने पहले प्रदेश सरकार को तीन से पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल आयोग को भेजना होगा।
मौजूदा डीजीपी 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी ओपी सिंह 31 जनवरी 2020 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जनवरी 2020 में ही दो अन्य वरिष्ठ आईपीएस डीजी इंटेलीजेंस भावेश कुमार सिंह व डीजी विशेष जांच महेंद्र मोदी भी सेवानिवृत्त होंगे।
व्यवस्था के मुताबिक डीजीपी पद पर तैनाती के लिए सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नाम पर विचार किया जाता है या फिर सरकार के विश्वास प्राप्त अन्य वरिष्ठ अधिकारी के नाम पर विचार होता है।
मौजूदा डीजीपी के रिटायर होने पर 1985 बैच के डीजी विजिलेंस हितेश चंद्र अवस्थी सबसे वरिष्ठ आईपीएस हैं। पहले राज्य सरकार अपने स्तर से डीजीपी पद पर चयन का फैसला लेती थी पर अब नई व्यवस्था के तहत सरकार को अधिकारियों के नामों का पैनल संघ लोक सेवा आयोग को भेजना होगा।
ऐसे में हितेश चंद्र अवस्थी के अलावा 1986 बैच के जवाहर लाल त्रिपाठी व सुजानवीर सिंह और 1987 बैच के आरपी सिंह के नाम पैनल में भेजे जा सकते हैं। हालांकि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात कुछ अफसरों के नामों को लेकर भी चर्चा है। जानकार बताते हैं कि शासन स्तर पर इस दिशा में मंथन शुरू कर दिया गया है और जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर यूपीएससी को भेज दिया जाएगा।