गौरीगंज से लखनऊ आ रहे उपजिलाधिकारी गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य की गाड़ी एक बाइक सवार को बचाने में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, घायल बाइक सवार को इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीएम गौरीगंज किसी सरकारी काम से अपनी टीम के साथ लखनऊ जा रहे थे कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पंडित पुरवा हाइवे चौराहे पर मोपेड सवार एक युवक को बचाने में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मोपेड सवार मो. सरवर (65) की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। घायल सरवर को सीएचसी से ट्रामा सेंटर ले जाया जा रहा था।
हालांकि दुर्घटना में एसडीएम संजीव कुमार मौर्य व उनके साथ रहे लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। संजीव मौर्य आईएएस हैं और इस समय एसडीएम गौरीगंज का काम देख रहे हैं। हादसे के बाद वह दूसरी गाड़ी से लखनऊ रवाना हो गए।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना सुनील त्रिवेदी मौके पर पहुंचे।