ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार-डलमऊ रेलखंड में सरदारगंज गांव के निकट स्थित रेलवे क्रॉसिंग 26 अगस्त (सोमवार) को बंद रहेगी। इस क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य होना है, जिसके लिए सुबह 8 से शाम 6 बजे तक सड़क पर आवागमन ठप रहेगा। दस घंटे तक वाहनों को दूसरे रास्तों से जाना होगा।
रूट डायवर्जन के संबंध में गदागंज थाने की पुलिस को अवगत करा दिया गया है, ताकि वाहन चालकों को कोई असुविधा न हो। मरम्मत कार्य भी समय से पूरा कराया जा सके। गदागंज थाना क्षेत्र के सरदारगंज गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग है, जिस पर मरम्मत कार्य कराया जाना है। डलमऊ-ऊंचाहार मुख्य मार्ग से सरदारगंज, चंदनिहा समेत करीब 15 गांवों के लोग इसी क्रॉसिंग से होकर गुजरते हैं।
क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य होने व सड़क मार्ग पर आवागमन रोक दिए जाने से इन गांवों के लोगों को लंबी दूरी तय करके दूसरे रास्तों से आना-जाना पड़ेगा। वाहनों को गदागंज चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा, जो कि जलालपुर धई के पास स्थित क्रॉसिंग और मिश्रापुर रेलवे अंडरपास से निकल सकेंगे। रूट डायवर्जन वाली जगह पर पुलिस तैनात रहेगी, ताकि वाहन चालकों को बताया जा सके।
वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) इजहार कलीम ने बताया कि सरदारगंज के निकट स्थित रेलवे क्रॉसिंग का ट्रैक पैरामीटर खराब हो गया है, जिसे दुरुस्त करने के लिए सोमवार को मशीनों से मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसलिए रूट डायवर्जन करते हुए गदागंज थाने की पुलिस को अवगत करा दिया गया है। ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।