सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि किसानों पर इतना अन्याय कभी नहीं हुआ। अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर आंसू गैस छोड़ना, बौछार करना और लाठियां बरसाना कहां की सभ्यता है। यह सरकार का आतंकी हमला है। उन्होंने कृषि कानूनों का विरोध करते हुए पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी व अन्य प्रदेशों के किसानों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने पूछा कि भाजपा की केंद्र सरकार बताए कि किसानों की आय दोगुनी करने का कानून कब लाएगी ?
विज्ञापन
अखिलेश यादव शनिवार को सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उनके समक्ष अलीगढ़ के पूर्व सांसद व चार बार विधायक रहे बिजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक जफरुल्ला खां, दर्जा प्राप्त मंत्री रहे सहारनपुर के लियाकत अली समेत बसपा व कांग्रेस छोड़कर कई नेता सपा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इन लोगों केआने से सत्ता में बैठकर अन्याय, अत्याचार करने वालों को हटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों से वादा किया था कि उनकी आय दोगुनी करेंगे। लागत का ड्योढ़ा मूल्य देंगे। इन वादों का क्या हुआ ? भाजपा राज में धान की लूट हुई है, किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिला।
जेवर एयरपोर्ट में अधिग्रहीत जमीन को ऊसर बंजर बताकर किसानों को मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान की मदद करनी है तो सरकार उनको बाजार के भरोसे न छोड़े। किसान व व्यापार का पुराना रिश्ता है। भाजपा ने खेती और व्यापार दोनों को बर्बाद किया है। जब से भाजपा सरकार आई है, किसी न किसी बहाने किसानों को बर्बाद किया जा रहा है।
विज्ञापन
अंतर्धार्मिक विवाह पर रोक के कानून का विरोध करेगी सपा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा उस अध्यादेश का विरोध करेगी जिसमें अंतर्जातीय, अंतधार्मिक विवाह रोकने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ अंतर्जातीय व अंतर्धार्मिक शादियों पर 50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दे रही है, तो दूसरी इसे रोकने के लिए कानून ला रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के लोगों को संविधान का अनुच्छेद 21 पढ़ना चाहिए। सपा ऐसे किसी भी कानून के पक्ष में नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा सरकार व उसके लोगों से बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता है। जब तक सरकार आगे नहीं आएगी तब तक किसान की भलाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है। दुनिया में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी यहां है। हिरासत में मौतों के मामले में भी सबसे ऊपर हैं। निर्दोष लोगों पर झूठे केस लगाए जा रहे हैं। बाजार में शोषण है। नौजवान बर्बाद है। मुख्यमंत्री ने 10 हजार मेगावाट का सोलर एनर्जी प्लांट बनाने की घोषणा की है। लेकिन कन्नौज में सपा सरकार में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की उपस्थिति में जो सोलर एनर्जी प्लांट लगा था, भाजपा सरकार ने उसे बंद करा दिया। समाजवादी सरकार ने जितनी मेट्रो चलाई, बस उतनी ही दूरी में अब भी चल रही है। मुख्यमंत्री ने झांसी व गोरखपुर में मेट्रो चलाने की घोषणा की गई थी, वह आज तक नहीं चली।
ये हुए सपा में शामिल
अलीगढ़ के सगीर अहमद, लोधी राकेश राजपूत एटा, रामदुलारे भार्गव सिधौली (सीतापुर), बलहा, नानपारा के ब्लाक प्रमुख अब्दुल रशीद खां, शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपू यादव, विष्णु जाटव व कृष्ण कुमार जेवर, बसपा के जोनल इंचार्ज सुनील राजवंशी, मजाहिर राणा, (सहारनपुर) कपिल शर्मा, मोहित बंसल, इंद्रदेव चौहान, (अलीगढ़) लोकेश चौधरी तथा बृजेश गौतम (गोरखपुर) सैकड़ों समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो गए। इसकेअलावा प्रधान संघ अलीगढ़ के अध्यक्ष अर्जुन सिंह भोलू ने 40 प्रधानों के साथ सपा की सदस्यता ली। सुरेश गौतम देवरिया, गुड्डू चौधरी एवं संजय भारती बलिया भी सपा में शामिल हुए
संस्कार व विकास की सोच
पूर्व सांसद बिजेन्द्र सिंह ने कहा कि संस्कारी होने के साथ ही अखिलेश यादव की क्षमता, विकासपरक सोच के कारण सभी को उनसे उम्मीदे हैं। उनमें देश का भविष्य बनने की क्षमता एवं दक्षता है। भाजपा को रोकने में वही सक्षम हैं। अब्दुल रशीद खां, लोधी राकेश राजपूत, चौधरी लियाकत अली, जमीरउल्ल तथा अर्जुन सिंह ‘भोलू‘ ने वर्ष 2022 अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी व सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी खासतौर पर मौजूद थे।