राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अगले एक साल तक उत्तर प्रदेश पर पूरा फोकस करने का फैसला किया है। इसके लिए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रदेश में विस्तृत दौरे होंगे। साथ ही शाखाओं को सक्रिय करने में पूरी ताकत लगाई जाएगी।
इस एजेंडे पर नए साल से नए तेवरों के साथ काम करने की रणनीति बनी है। संघ के सह सरकार्यवाह दत्रात्रेय होसबोले 15 जनवरी को लखनऊ आने वाले हैं। वह यहां तीन दिन रहेंगे। फरवरी में 2-3 तारीख को सरकार्यवाह सुरेश जोशी ‘भैया जी’ का दौरा तय हो चुका है।
संघ के शीर्ष नेतृत्व की शाखाओं पर ध्यान देने की रणनीति संघ प्रचारकों के लिए किसी कड़े इम्तिहान से कम नहीं साबित होगी।
होसबोले लखनऊ के बाद गोरखपुर और फिर काशी क्षेत्र में जाकर शाखाओं के कामकाज की समीक्षा करेंगे।
पश्चिमी उप्र के लिए भी शीर्ष पदाधिकारियों के दौरे लगाए जा रहे हैं। दौरा करने वाले शीर्ष पदाधिकारी एक साथ दो काम करेंगे। वे 2014 में लखनऊ में हुई संघ की केंद्रीय कार्यकारी मंडल की बैठक में हुए फैसले और तय किए गए एजेंडे के आधार पर प्रदेश में कामकाज की स्थिति का विश्लेषण करेंगे।