फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RSS कोर कमेटी ने एजेंडे पर लगाई मुहर

Thu, 16 Oct 2014 12:47 AM IST
राजेंद्र सिंह/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के केंद्रीय कार्यकारी मंडल की 17 से 19 अक्तूबर तक लखनऊ में होने वाली बैठकों के लिए शीर्ष नेतृत्व की ओर से तैयार किए गए एजेंडे पर बुधवार को कोर कमेटी ने सहमति जताई। संघ पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव भी बुधवार को पहुंचे।
विज्ञापन


निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में संघ के सर संघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह सुरेश जोशी भैयाजी, सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, दत्तात्रेय होसबोले, डॉ. कृष्ण गोपाल और मनमोहन वैद्य ने मंगलवार को संघ की तीन दिवसीय बैठक की चर्चा का जो एजेंडा तय किया था, बुधवार को कोर कमेटी के करीब 50 सदस्यों ने उस पर मुहर लगा दी।

कोर कमेटी में संघ के प्रमुख नेताओं के साथ ही छह प्रमुख सहयोगी जन संगठनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय मजदूर संघ, किसान संघ, विद्याभारती और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) शामिल हैं।
विज्ञापन

इन ‌मुद्दों पर दिया गया जोर

भाजपा के महामंत्री (संगठन) रामलाल की जगह राम माधव संघ पदाधिकारियों से चर्चा के लिए आए। रामलाल बुधवार देर रात या गुरुवार सवेरे पहुंचेंगे। विहिप की ओर से चंपत लाल उपस्थित रहे। संघ पदाधिकारियों ने कुछ क्षेत्रीय प्रचारकों से भी विचार-विमर्श किया। हालांकि उन्हें सौंपे गए काम, उनकी उपलब्धियों, अनुभव और चुनौतियों पर गुरुवार को विस्तृत चर्चा होगी।

संघ पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा के साथ ही उत्तर प्रदेश को लेकर भी चर्चा की। धर्म, संस्कृति के साथ ही आतंकवाद, सीमाओं पर घुसपैठ, धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों की घर वापसी, जनसंख्या के संतुलन, सामाजिक समरसता, हिंदू समाज की एकजुटता जैसे मुद्दों पर खास जोर दिया।

केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद की स्थिति पर भी विचार हुआ। इसके निहितार्थ को मूर्त रूप देने पर बल दिया गया। गंगा सफाई, देश के सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास, वैकल्पिक शिक्षा व्यवस्था, शिक्षण संस्थानों के जरिये मिशनरियों की घुसपैठ जैसे मुद्दे भी चर्चा में शामिल रहेंगे।

मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा संगठन को और सशक्त करने पर जोर दिया गया है। गुरुवार को छह सहयोगी संगठनों के सहमहामंत्री और संयुक्त महामंत्रियों समेत लगभग 70 प्रमुख लोग बैठक से पहले की चर्चा में शामिल होंगे। 17 अक्तूबर को केंद्रीय कार्यकारी मंडल की बैठक शुरू होगी तो प्रतिभागियों की संख्या 396 के आसपास रहेगी।
विज्ञापन

भागवत और भैयाजी नहीं गए वोट डालने

भले ही मतदान के लिए संघ बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाता हो लेकिन सरसंघ चालक मोहन भागवत और सर कार्यवाह सुरेश जोशी भैयाजी महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव में वोट डालने नहीं गए। प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य गए थे, जो नागपुर में मतदान करके शाम को लौट आए।

राम माधव होंगे भाजपा के महामंत्री संगठन!
संघ की कोर कमेटी की बैठक में राम माधव के शामिल होने से कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भाजपा के अगले महामंत्री संगठन हो सकते हैं।

आमतौर पर कोर कमेटी की बैठक में सहयोगी जन संगठनों के महामंत्री संगठन ही शामिल होते हैं। राम माधव भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं जबकि महामंत्री संगठन का दायित्व रामलाल के पास है।

माधव के बैठक में आने का अर्थ यह निकाला जा रहा है कि भविष्य में उन्होंने महामंत्री संगठन का दायित्व मिल सकता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें