सरोजनी नगर में सारफा दुकान से जेवर ले उड़े टप्पेबाज। (फोटो ः प्रतीकात्मक)
- फोटो : ??? ?????
सरोजनीनगर में एक ज्वैलर्स की दुकान पर बेटी के लिए टॉप्स खरीदने के बहाने पहुंचे दो टप्पेबाज करीब चार लाख रुपये कीमत के गहने उड़ा ले गए।
कुछ देर बाद भनक लगने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि दुकान से पांच-छह जोड़ी टॉप्स चोरी होने की जानकारी मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जाएगी।
मूलरूप से नगराम निवासी सचिन वर्मा आशियाना इलाके में किराए के मकान में रहते हैं। सरोजनीनगर के बिजनौर कस्बे में चित्रांश ज्वैलर्स के नाम से उनकी आभूषणों की दुकान है।
सचिन के मुताबिक, मंगलवार दोपहर उन्होंने दुकान खोली तो दो ग्राहक आ गए। इनमें से एक युवक टोपी पहने था और दूसरा मास्क लगाए था। दोनों ने अपनी बेटी के लिए टॉप्स खरीदने की बात कही। सचिन ने उन्हें तमाम टॉप्स व झुमकी दिखाईं।
फिर दोनों ने कुछ और गहने दिखाने को कहा। काफी देर तक दोनों गहने देखते हुए सचिन को बातों में उलझाए रहे। इस बीच एक अन्य ग्राहक आया तो सचिन उससे बात करने लगे।
तभी पहले वाले दोनों ग्राहक एकाएक उठकर चले गए। कुछ देर बाद सचिन ने स्टॉक का मिलान किया तो कई जोड़ी टॉप्स व झुमकी के साथ ही कई अन्य छोटे-छोटे गहनों से भरे चार डिब्बे गायब मिले।
उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो दोनों युवक काउंटर के अंदर से डिब्बे उठाकर ले जाते दिखे। सचिन की मानें तो चार लाख के गहने चोरी हुए हैं।