गोमती नदी के किनारे सड़क बनाई जाएगी। वहीं किनारे पर पहले से मौजूद सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। ला-मार्टीनियर बंधे के करीब पार्किंग बनाई जाएगी। इस पार्किंग की क्षमता 500 कारों की होगी।
मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने इस प्रोजेक्ट के सिलसिले में रविवार को सिंचाई विभाग के सीनियर अफसरों और इंजीनियरों के साथ जायजा लिया। उन्होंने इंजीनियरों को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। यह पहल पुराने लखनऊ को नए से जोड़ने और इनके बीच आवागमन सुगम बनाने को की जा रही है।
सिंचाई विभाग फिलहाल नदी में कुड़ियाघाट से लेकर ला-मार्टीनियर बंधे तक नदी का चैनलाइजेशन करवा रहा है, जिससे नदी को सौ से सवा सौ मीटर तक चौड़ाई में सीमित किया जा रहा है। बाकी बचे स्थानों पर रिवर फ्रंट डवलपमेंट की योजना है।
इसी प्रोजेक्ट के साथ सरकार चाहती है कि नदी के किनारों का उपयोग आवागमन के लिए भी हो। निरीक्षण के दौरान शिवपाल सिंह ने इंजीनियरों के साथ किनारों की खाली हो रही जगह की उपयोगिता पर चर्चा की।