तीन साल बाद सोने की कीमत 33 हजार के पार हुई। सात सौ रुपये की बढ़त लेते हुए मंगलवार को सोने का दाम 33,250 रुपये तक पहुंचा। हालांकि सोना इस कीमत पर करीब चार घंटे ही टिका रहा और शाम को घटकर 33,100 रुपये हो गया। कीमत बढ़ने से लखनऊ के सराफा बाजार में सन्नाटा पसरा रहा।
चौक के कारोबारी आदीश कुमार जैन ने बताया कि अक्तूबर 2015 में सोने की कीमत 33,200 रुपये दर्ज हुई थी। इसके बाद कीमत घटी तो 29 हजार रुपये तक पहुंची, लेकिन मंगलवार को 50 रुपये की बढ़त लेते हुए सोने का भाव 33,250 रुपये खुला।
इससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया। वजह यह कि सराफा बाजार में पहले से ही सहालग के खरीदार नहीं हैं। रोजमर्रा आने वाले ग्राहक हल्के गहने खरीदने आ रहें, पर सोना महंगा होने के कारण उस कारोबार पर भी फर्क पड़ा है।