डॉ. कफील खान
डॉ. कफील खान के आरोपों पर रविवार को भाजपा सांसद कमलेश पासवान ने रविवार को गोरखपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि शहर की तमाम जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले कासिफ और उनके भाई डॉ. कफील फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। पासवान ने कहा कि एक बार तो कासिफ ने खुद के पैर में गोली मारकर दो लोगों को फंसा दिया था। इस बार गोली लगने के एक हफ्ते बाद अचानक सुर्खियां पाने के लिए एक सांसद और उसके व्यापारी मित्र पर गलत आरोप लगा रहे हैं। सांसद ने मानहानि का मुकदमा करने की बात भी कही।
पासवान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पत्र आने के बाद वह एक विशेष वर्ग का नेता बनना चाहते हैं। इसीलिए अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं ताकि सुर्खियां बटोर सकें। उनके भाई को गोली लगी है। वह अस्पताल में भर्ती हैं, फिर भी डॉ. कफील मानवता भूलकर टाई लगाकर मीडिया के सामने बयान दे रहे हैं। यह निंदनीय है। एक डॉक्टर से इस तरह की उम्मीद नहीं की जा सकती है। कासिफ को गोली मारे जाने की जांच पुलिस कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा।