कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का 14 जून से प्रस्तावित दो दिवसीय दौरा स्थगित हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष के प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे ने त्योहारों व सुरक्षा कारणों को दौरा स्थगित होने की वजह बताया है। कहा कि यह निर्णय प्रशासन के अनुरोध पर लिया गया है।
दो दिवसीय दौरे में राहुल गांधी का कई विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने और लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जानने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इस बार राहुल गांधी को मुंशीगंज के वीवीआईपी गेस्ट हाउस के बजाय गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय के सामने बने गेस्ट हाउस में रोकने की योजना थी।
हालांकि, राहुल के दौरे के तत्काल बाद पड़ रहे त्योहार को वजह बताते हुए प्रशासन ने जिला कांग्रेस कमेटी से उनके दौरे को टालने का अनुरोध किया था।
राहुल के प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे ने बताया कि प्रशासन के अनुरोध व सुरक्षा कारणों को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष का दौरा स्थगित कर दिया गया है। अब राहुल 20 जून के बाद अमेठी आएंगे जिसकी तिथि अभी तय नहीं हुई है।