कृष्णानगर थानाक्षेत्र स्थित आलमबाग सराफा बाजार में आरके ज्वैलर्स पर डकैती के साथ दो लोगों हत्या व दुकान मालिक समेत दो को गोली मारकर घायल करने तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज में नजर आए संदिग्धों जैसे नजर आने वाले 18 लोगों और नौकरों समेत 75 व्यक्तियों से पूछताछ में अहम जानकारी मिली, लेकिन अभी भी तय नहीं हो सका कि बदमाशों का मकसद हत्या करके माल बटोरना था या डकैती के इरादे से आए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करके दो लोगों की जान ली और दो को घायल किया। नए दुस्साहसी बदमाशों द्वारा वारदात अंजाम दिए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने चश्मदीद नौकर रज्जन यादव समेत कई लोगों से पूछताछ व सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद जानकारी दी कि असलहों से लैस डकैतों ने दुकान का शटर गिरा रहे कारीगर गुड्डू पटवा की गोली मारकर हत्या करने के साथ धावा बोला।
इसके साथ दुकान मालिक राजीव गुप्ता को निशाना बनाने के बाद शोकेस से गहने उठाकर बैग में भरे। हड़बड़ाहट में तमाम गहने दुकान में ही गिर गए थे। रज्जन यादव ने स्ट्रांगरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। शोकेस में भारी मात्रा में गहने छोड़कर दुकान से निकले। एक बदमाश ने एटीएम बूथ के गार्ड देशराज की गोली मारकर हत्या की और फायरिंग करते हुए भाग निकले। रास्ते से गुजर रही मनीषा भी गोली लगने से घायल हुई।