पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अरवलकीरी करवत की एयर स्ट्रिप का परीक्षण वायुसेना ने शुरू कर दिया है। रविवार की दोपहर बाद से ही आसमान में वायुसेना के लड़ाकू विमान गरजते रहे। वायुसेना के अधिकारियों ने कई लड़ाकू विमानों को हवाईपट्टी पर उतारने के बाद फिर उड़ान भरवाकर परीक्षण शुरू कर दिया है। एयर स्ट्रिप पर रविवार को वायुसेना ने सुखोई-30, सी-130 जे, मिराज, जगुआर व हरक्युलिस विमानों को उतारा। दिन में करीब एक बजे के बाद एक के बाद एक लड़ाकू विमानों के एयर स्ट्रिप पर उतरने से आसपास के क्षेत्र का दृश्य सीमा जैसा हो गया था।
आसपास के ग्रामीण सेना के लड़ाकू विमानों को देखते रहे। एयर स्ट्रिप पर विभिन्न लड़ाकू विमानों को उतरने व उड़ान भरने का सिलसिला 16 नवंबर तक जारी रहेगा। हवाईपट्टी पर लड़ाकू विमानों के उतरने के दौरान आसमान में वायुसेना के अधिकारी हेलीकॉप्टर से पेट्रोलिंग करते रहे। वायुसेना के अधिकारियों ने विकल्प के रूप में आरक्षित की गई अमहट हवाई पट्टी का भी हेलीकॉप्टर से निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक पीएम के कार्यक्रम के दौरान विमानों की अधिकता होने पर कुछ विमान व वीआईपी के हेलीकॉप्टर अमहट हवाईपट्टी पर उतारे जा सकते हैं। डीएम ने बताया कि रनवे पर लड़ाकू विमानों को उतार कर परीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन ने जारी किया रूट प्लान व पार्किंग
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर वाहनों की बाहर पार्किंग कराने व जाम को रोकने के लिए प्रशासन ने रूट प्लान तैयार किया है। प्रशासन के मुताबिक अंबेडकरनगर, आजमगढ़ व जौनपुर से आने वाली भीड़ को सेमरी पीढ़ी मार्ग से गुजारा जाएगा। इस मार्ग के बड़े वाहनों की पार्किंग कोड़री के पहले होगी व छोटे वाहनों की लोलीगंज करौता में होगी। अमेठी, अयोध्या, लखनऊ, हलियापुर, बल्दीराय व धनपतगंज से भीड़ लाने वाले वाहनों की पार्किंग गुप्तारगंज एक्सप्रेस-वे के पहले सर्विस रोड से सेउर चमुरखा में कराई जाएगी।
सुल्तानपुर से जनसभा में भीड़ को लेकर पहुंचने वाले वाहनों की पार्किंग गुप्तारगंज टोल प्लाजा व अंडरपास से गुजरते हुए एक्सप्रेस-वे पर होगी। वीआईपी व मीडिया कर्मियों के मार्ग का निर्धारण कूरेभार पीढ़ी रोड पर गलिबहा से जफरापुर होते हुए आगे कराया जाएगा। भीड़ के सभी रूटों के छोटे वाहनों को लोलीपुर में पार्किंग होगी। रविवार को डीजी एसएन सावत, मंडलायुक्त, आईजी अयोध्या, डीएम रवीश गुप्ता, एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र, एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने वाहन चालकों के साथ बैठक की। बैठक में वाहन चालकों को रूट डायवर्जन के पालन का निर्देश दिया।
कूरेभार थाने पहुंचा प्रधानमंत्री का फ्लीट वाहन
पीएम के आगमन के दो दिन पहले ही उनके काफिले में शामिल होने वाले वाले फ्लीट के वाहन रविवार को कूरेभार थाने पर पहुंच गए। एयर स्ट्रिप पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री इन्हीं वाहनों से जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। वाहन पहुंचते ही उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी कार्यदायी संस्था
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कार्यदायी संस्था सुरक्षा फोर्स की निगरानी में मंच, जनसभा स्थल व अन्य जगहों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। मंच के साथ आमलोगों के बैठने के लिए बनाए गए स्थल पर कुर्सियां लगा दी गई हैं। बीच में गलियारा बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल को भगवा झंडे से पाट दिया गया है। चहुंओर भगवा ही नजर आ रहा है।