फायरिंग करता प्रॉपर्टी डीलर नरेंद्र। - वीडियोग्रैब
लखनऊ। बीबीडी इलाके में एनजीओ कर्मी अतुल कुमार मिश्रा के घर पर हमले के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपी प्राॅपर्टी डीलर नरेंद्र नाथ शुक्ला रविवार रात में मकान पर फायरिंग करते दिखा है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। एसीपी विभूतिखंड राधारमण के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तार के लिए टीमें बनाई गई हैं।
एसीपी ने बताया कि एमिटी ग्रीन सिटी निवासी प्रिया मिश्रा की तहरीर पर नरेंद्र नाथ शुक्ला और उसके भतीजे सामंत समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि रविवार रात 09.05 बजे से 09:20 बजे के बीच जान से मारने की नीयत से घर पर हमला किया गया। गेट तोड़ने का भी प्रयास किया। इस दौरान उनके पति अतुल कुमार मिश्र बाहर गए हुए थे।
गोरखपुर के सिंघड़िया निवासी अतुल के मुताबिक वर्ष 2023 में उन्होंने नरेंद्र को 49 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोपी ने 39 लाख लौटा दिए थे, लेकिन 10 लाख रुपये बकाया था। रकम वापस मांगने पर सामंत से विवाद हो गया था। इससे नाराज आरोपी चाचा-भतीजा अपने साथियों के साथ उनके घर पर आ धमके थे।
पीड़ित ने की सुरक्षा की मांग
अतुल की गाजियाबाद के इंदिरापुरम में ससुराल है, वहां वह एनजीओ का काम देखते हैं। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी कभी भी उनपर हमला कर सकते हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। फुटेज में दिखे अन्य लोगाें की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।