लखनऊ। मड़ियांव निवासी प्रोफेसर डॉ. किरन चौबे से बिट्स (बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान) पिलानी में बेटे के दाखिले के नाम पर दो साइबर जालसाजों ने 46 लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने 22 अगस्त को साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
डॉ. किरन ने बताया कि 22 अप्रैल को उन्हें इंस्टाग्राम पर disha education कंसल्टेंसी का प्रचार दिखा। उसमें दिए गए पते पर पहुंचीं तो हेल्प डेस्क पर अनंत मिला। उसने मूल दस्तावेज मांगे और वरिष्ठ ध्रुव से मिलवाया। ध्रुव ने दाखिले का भरोसा दिया। 20 जून 2026 को अनंत के परिचित तन्मय ने काॅल कर 11 लाख रुपये मांगे, जो उन्होंने गोमतीनगर में दे दिए। काम न होने पर उन्हें gurukul education और saumya education कंसल्टेंसी के बारे में पता चला। इन दोनों के नाम पर 30 जुलाई तक उन्होंने 35 लाख रुपये और दिए। जालसाजों ने 19 जुलाई को पिलानी संस्थान के शिक्षक वीरेंद्र से भी मिलवाया। संदेह होने पर संस्थान जाने पर पता चला कि वीरेंद्र वहां काम नहीं करता। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने शिकायत की। इंस्पेक्टर आलोक रॉव ने बताया कि अनंत और ध्रुव पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।