बिजली बिल और मीटर में अनियमितता की शिकायतों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि पूरे यूपी में बिजली के बढ़ते बिलों और बिजली मीटरों का आतंक है। पिछले कुछ वर्षों में बिजली दरों में काफी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने सरकार से बिजली बिल में जनता को राहत देने की मांग की है।
प्रियंका ने कहा कि पिछले आठ साल में ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं की दरों में 500 फीसदी, शहरी घरेलू बिजली की दरों में 84 फीसदी और किसानों को मिलने वाली बिजली की दरों में 126 फीसदी की वृद्धि हुई है। बिजली मीटर भी कई गुना तेज चलते पाए गए हैं। जिन घरों में ताले लगे हुए हैं, बिजली की कोई खपत नहीं हुई है, उन घरों में सात-आठ हजार रुपये तक का बिल आ रहा है।
जनता महंगाई से त्रस्त है। छोटे कारोबारियों का व्यापार चौपट हो गया है। किसानों की फसलों की खरीद नहीं हो रही है। ऐसी स्थिति में बिजली के लगातार बढ़ रहे दाम उपभोक्ता अब नहीं सह सकते हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों को बिजली का रेट तत्काल प्रभाव से आधा किया जाए।