सीआईआई के यंग इंडिया कानपुर और लखनऊ चैप्टर में युवा उद्यमियों से संवाद करने आए पद्मश्री डॉ. निरुपम बाजपेयी ने कहा कि जी-20 की शानदार मेजबानी ने भारत का कद वैश्विक स्तर पर कई गुना बढ़ा दिया है। रूस-यूक्रेन में छिड़ी जंग के बीच इस आयोजन में आम सहमति को बड़ी कूटनीतिक जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में चेन्नई, बंगलौर, मुंबई और पुणे से आगे निकलने की क्षमता है। क्योंकि इन शहरों में जमीन से लेकर घर तक बहुत महंगे हो गए हैं। ऐसे में इसका फायदा कंपनियों को सस्ती जमीन और विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं देकर यूपी को उठाना चाहिए।
डॉ. बाजपेयी ने कहा कि स्मार्टफोन विकास का मुख्य हथियार बनेगा। आशा बहुओं और जमीनी सुविधाओं से जुड़े कर्मचारियों को दक्ष किया जाएगा ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जा सके। अभी रिपोर्ट आने में महीनों लग जाते हैं। स्मार्टफोन से हर घंटे की रिपोर्ट सीधे सरकार को मिलेगी। इसकी शुरुआत कुछ ही हफ्तों में सीतापुर से की जाएगी। दिसंबर तक यूपी का एक-एक गांव 5-जी से लैस होगा। रिलायंस फाउंडेशन के साथ इसपर काम शुरू हो चुका है। ऐसा होने के बाद यूपी देश का पहला राज्य होगा। उन्होंने कहा कि 5-जी से तो अमेरिका का एक-एक गांव भी लैस नहीं है।
आईआईटीयंस को सरकारी विभाग से जोड़ें
पद्मश्री बाजपेयी ने सीएम योगी को सुझाव दिया कि आईआईटी व आईआईएम के 40-50 युवाओं को हर साल सरकारी विभागों में इंटर्न के रूप में जोड़ें। इससे प्रदेश की मेधा का सरकार को बेहतर काम करने में सीधा फायदा मिलेगा।
योगी के समर्थन में अमेरिका में निकली थी रैली
उन्होंने कहा कि योगी की वैश्विक छवि बहुत मजबूत हो गई है। इसी का नतीजा है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान अमेरिका में अप्रवासी भारतीयों ने योगी के समर्थन में रैली निकाली थी। उन्होंने भारत और इंडिया के विवाद पर कहा कि वह एक भारतीय हैं और उन्हें भारत से प्रेम है, इंडिया से नहीं।
तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ काम करने के अनुभव पर कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी का कद बहुत बड़ा था। विपक्ष भी उनकी बात नहीं काटता था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मंजे हुए अर्थशास्त्री थे लेकिन वह एक अच्छे प्रशासक नहीं थे। मोदी को लेकर कहा कि वह अद्भुत गुणों के धनी हैं। ऐसा लगता है जैसे दूसरे ग्रह से आए हैं। उनका विजन गजब का है। वर्ष 2003 में जब भुज भूकंप से तबाह हो गया था। उस समय बचाव कार्यों के साथ-साथ उन्होंने मुझे फोन कर कहा कि कोलंबिया विवि में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भूगर्भ वैज्ञानिक हैं। उनकी मदद से गुजरात में सटीक भविष्यवाणी वाले संस्थान स्थापित करने के लिए कहा। महज दो साल में संस्थान बना दिया। महंगाई को लेकर कहा कि कोविड से उबर चुके हैं। महंगाई पर नियंत्रण होने लगा है।