राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफिल निकल जाने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर एक पर प्रेसिडेंशियल एक्सप्रेस काफी देर तक खड़ी रही। बाद में ट्रेन को वापस दिल्ली रवाना कर दिया गया। इस दौरान स्टेशन आने वाले यात्रियों के बीच प्रेसिडेंशियल ट्रेन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। यात्री, स्टेशन कर्मी और सुरक्षाबल ट्रेन के साथ सेल्फी लेते नजर आए।
विजिटर बुक में राष्ट्रपति ने दी बधाई
चारबाग रेलवे स्टेशन पर विजिटर बुक में राष्ट्रपति ने रेलवे को सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। शुद्ध हिंदी और साहित्यिक भाषा में उन्होंने रेलवे के लिए अपने शब्दों को विजिटर बुक में उतारा और हस्ताक्षर किए।
ट्रेन के नौवें कोच में सवार थे राष्ट्रपति
प्रसिडेंशियल ट्रेन को पूरी सुरक्षा के साथ कानपुर से चारबाग रेलवे स्टेशन तक लाया गया। 460 से ज्यादा पुलिसकर्मी, जीआरपी, आरपीएफ, एसपीजी आदि सुरक्षाबल तैनात थे, वहीं ट्रेन को भी जवान एस्कॉर्ट कर रहे थे। प्रेसिडेंशियल ट्रेन में कुल 15 कोच थे, जिसमें नौंवीं बोगी राष्ट्रपति रमानाथ कोविंद की थी। इस ट्रेन में रेलवे, पुलिस, सेनाओं से जुड़े आला अधिकारी भी सफर कर रहे थे। ट्रेन में दो इंजन थे, ताकि एक के खराब होने पर दूसरे से ट्रेन को चलाया जा सके। इसके अतिरिक्त प्रेसिडेंशियल ट्रेन के आगे एक पायलट ट्रेन चल रही थी, जिसमें एक इंजन और एक बोगी थी। इसमें रेलवे की टेक्निकल टीम के साथ आरपीएफ, जीआरपी कर्मी बैठे हुए थे। जबकि प्रेसिडेंशियल ट्रेन के पीछे एक बैकअप ट्रेन थी, जिसमें भी एक इंजन और एक बोगी थी, इसमें ट्रैक मेंटेनेंस स्टाफ और सुरक्षाकर्मी बैठे थे।
आगमन से पहले बरसे मेघ, स्टेशन के बाहर भरा पानी
राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व झमाझम बारिश होने लगी। इससे लखनऊ जंक्शन की ओर मंदिर के बाहर पानी भर गया। वहीं चारबाग स्टेशन की पोर्टिको के बाहर और चारबाग मेट्रो के नीचे पानी भरा। हालांकि रेलकर्मियों ने प्रेसिडेंशियल ट्रेन के आने से पहले ही साफ सफाई कर दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
- फोटो : amar ujala
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में सोमवार को राजभवन में हाई-टी तथा रात्रिभोज का आयोजन किया। इसमें उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनवी रमण, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, उच्च न्यायालय इलाहाबाद के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुनीश्वर नाथ भंडारी सहित उच्च न्यायालय के अन्य वरिष्ठ न्यायाधीश मौजूद थे। इस मौके पर सभी न्यायाधीशों का राष्ट्रपति के साथ फोटो सेशन भी हुआ। राष्ट्रपति मंगलवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे लोक भवन से आंबेडकर सांस्कृतिक स्थल का वर्चुअली शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद अपराह्न चार बजे वे लखनऊ से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
हाई-टी के दौरान राष्ट्रपति ने न्यायाधीशों का परिचय प्राप्त किया। राज्यपाल ने राष्ट्रपति तथा उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम में देश की प्रथम महिला सविता कोविंद, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इससे पहले लखनऊ पहुंचने पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर रामनाथ कोविंद व सविता कोविंद का स्वागत किया।
चारबाग स्टेशन पर राष्ट्रपति का स्वागत करने वालों में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव आरके तिवारी सहित शासन-प्रशासन, रेलवे एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। राज्यपाल ने राजभवन में राष्ट्रपति व उनकी पत्नी का अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर राजभवन के सभी अधिकारी उपस्थित थे। राष्ट्रपति ने राजभवन में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।