बिजली विभाग के अफसरों की लापरवाही राजधानी लखनऊ के 11 लाख उपभोक्ताओं का इस प्रचंड गर्मी में पसीना निकालेगी। इसका कारण फ्यूज वायर, लीड इनडोर, आउटडोर, केबल ज्वाइंट किट, मेल-फीमेल कांटेक्ट आदि उपकरणों की खरीद नहीं होना है, जिससे बिजली लाइन की मेंटेनेंस का जो काम मार्च में हो जाना चाहिए था, वह अब शुरू होगा। वहीं, इसके लिए कॉलोनियों, बाजारों की दो से तीन घंटे सप्लाई बंद करनी पड़ेगी, जिससे लोगों का इस गर्मी में बुरा हाल होगा।
लेसा के ट्रांसगोमती क्षेत्र में हफ्ते भर में बिजली लाइन की मेंटेनेंस शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, सिस गोमती जोन में उपकरण खरीदने के लिए अब टेंडर निकाला गया है। ऐसे में अंदाजा है कि यहां मई के पहले हफ्ते से मेंटेनेंस का काम शुरू हो सकता है और तब तक पारा 45 डिग्री पार कर जाएगा।
ऐसे पड़ेगा सप्लाई पर असर
जूनियर इंजीनियरों ने बताया कि मेंटेनेंस के दौरान क्रमवार बिजली बंद की जाएगी। 100, 160, 250, 400, 630 एवं 990 केवीए के ट्रांसफार्मर में तेल भरने व पेटी की मरम्मत के लिए पूरा फीडर बंद करना पड़ेगा। 11 हजार वोल्ट के फीडर की मरम्मत के लिए भी पूरा फीडर बंद किया जाएगा। इससे दो से ढाई हजार उपभोक्ताओं की सप्लाई दो से तीन घंटे बंद रहेगी।
एलटी लाइन पर मेंटेनेंस के लिए निर्देश है कि 11 हजार वोल्ट की लाइन का डियो फ्यूज उतारकर काम करें, लेकिन कर्मचारी सीधे 11 हजार वोल्ट की सप्लाई बंद कराकर ही काम करते हैं। उधर, जेई संगठन ट्रांसगोमती जोन के सचिव शिवनरायन पटेल का कहना है कि प्रचंड गर्मी में दिन में बिजली बंद करके मेंटेनेंस कार्य कराना बहुत मुश्किल होगा। कॉलोनियों की बत्ती बंद होते ही वीआईपी लोगों की कॉल आने लगेगी। उधर, ट्रांसगोमती में स्टोर से कुछ सर्किल के जूनियर इंजीनियर उपकरण ले चुके हैं। इनसे ट्रांसफार्मर पेटी, लाइन, लोड बैलेंसिंग का काम शुरू हो सकेगा। अधीक्षण अभियंता (वर्कशाप) एनके मिश्रा ने बताया कि ट्रांसगोमती के 104 एवं सिस गोमती के 137 ट्रांसफार्मर की मौके पर मरम्मत के साथ तेल की कमी को पूरा किया जाएगा।
लाइन मेंटेनेंस में ये काम होंगे
ट्रांसफार्मर की लोड बैलेंसिंग, टूटी-फूटी पेटी बदलना, फ्यूज वार बदलना, ढीले फ्यूज वायर कसना, कटे-गले लग्स बदलना, जर्जर जम्पर बदलना, पेड़ों की छंटाई व कटाई।
कुल कितने ट्रांसफार्मर
100 केवीए क्षमता के कम -- 15,282
100 केवीए क्षमता से अधिक -- 4921
कुल -- 20,103
मुख्य अभियंता लेसा विपिन जैन का कहना है कि गर्मी में निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए होने वाले मेंटेनेंस के लिए उपकरण खरीद की प्रक्रिया चल रही है। सभी अधिशासी अभियंता से जरूरत के उपकरण का विवरण लेकर टेंडर निकाला गया है।