नए साल की पूर्व संध्या पर शहरों को हर हाल में बिजली आपूर्ति करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए थे जिसके बाद पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने कटौती मुक्त विद्युत आपूर्ति करने की भी बात कही थी।
इसके अलावा एक दिन पूर्व बाराबंकी आए मुख्यमंत्री ने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए, लेकिन नए साल के पहले दिन ही पूरे शहर की बिजली ज्यादातर समय गुल ही रही है। रोस्टर के अलावा दिन में कई बार कटौती की गई। साल के पहले ही दिन कुल मिलाकर बिजली ने रुलाया ही।
एक दिन पहले एक निजी कार्यक्रम में आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विद्युत आपूर्ति में सुधार करने के निर्देश दिए थे, लेकिन हुआ ठीक उलट। गुरुवार को विद्युत आपूर्ति और भी बिगड़ गई। दिन में हुई बूंदाबांदी से मौसम सर्द हो गया। नववर्ष पर आयोजित कार्यक्रम में भी बिजली की कमी खासी अखरी।
नववर्ष के पहले दिन ही पूरे शहर की बिजली ज्यादातर समय गुल रही। इधर पारा गिरने के कारण हीटर, ब्लोअर, गीजर व बिजली के अन्य उपकरणों के इस्तेमाल करने से लोड में काफी इजाफा हुआ है। मौजूदा समय में मांग के सापेक्ष जिले को बिजली नहीं मिल पा रही है। अघोषित कटौती से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।