यूपी में पहला पुलिस विश्वविद्यालय राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में स्थित पिपरसंड में बनेगा। इसके लिए पूरा खाका तैयार करने की जिम्मेदारी पुलिस की ट्रेनिंग शाखा को दी गई है। शनिवार को गुजरात के रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल के साथ डीजीपी की मीटिंग के बाद इस काम में तेजी आई है।
ट्रेनिंग शाखा के एक अधिकारी का कहना है कि पुलिस विश्वविद्यालय के लिए पहले से प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन काफी धीमी गति से काम हो रहा था। अब डीजीपी ने दिलचस्पी दिखाई है और पुलिस से संबंधित देश की इकलौती यूनिवर्सिटी (रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय) के साथ मिलकर प्लान तैयार किया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस विश्वविद्यालय में 12वीं के बाद सिक्योरिटी मैनेजमेंट में बैचलर ऑफ आर्ट, पुलिस साइंस डिप्लोमा, साइबर सिक्योरिटी के स्पेशलाइजेशन के साथ कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विषय से बी-टेक आदि के कोर्स कराए जाएंगे।
यही नहीं, स्नातक के बाद पीजी डिप्लोमा इन पुलिस साइंस, पीजी डिप्लोमा इन इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी, पीजी डिप्लोमा इन साइबर फोरेंसिक, क्रिमनॉलजी, पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन से एमए, क्राइम सिक्योरिटी लॉ विषय से मास्टर इन लॉ, साइबर सिक्योरिटी विषय से एम-टेक के डिग्री कोर्स शुरू कराए जाएंगे।