मुख्तार अंसारी को पंजाब में एंबुलेंस से जेल ले जाने और अस्पताल पहुंचाने के मामले में आरोपी मो. शाहिद की तलाश में बाराबंकी पुलिस ने शुक्रवार को लखनऊ में तीन जगह दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल से शाहिद व दो अन्य आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले हैं। पुराने लखनऊ में शाहिद व मुख्तार के चालक सलीम की मदद करने वाले तीन लोग अपने घरों से फरार हैं।
प्रभारी निरीक्षक बाराबंकी शहर कोतवाली पंकज सिंह के मुताबिक, 31 मार्च को एंबुलेंस प्रकरण में बाराबंकी की शहर कोतवाली में मऊ के श्याम संजीवनी अस्पताल की मालकिन डॉ. अलका राय, मुख्तार अंसारी समेत कई लोग नामजद किए गए थे।
इसकी विवेचना में ही सामने आया था कि मुख्तार के ड्राइवर सलीम और लखनऊ में उसका नेटवर्क देखने वाले मो. शाहिद ने सबसे अहम भूमिका निभाई थी। सलीम और शोएब मुजाहिद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शाहिद व शरणदाताओं की तलाश तेज कर दी है।
शाहिद अपने करीबियों के संपर्क में
पुलिस को मोबाइल की डिटेल खंगालने से ही पता चला कि शाहिद अपने करीबियों के संपर्क में है। इनके जरिये वह पुलिस की गतिविधियों की जानकारी भी लेता रहता है। दावा किया जा रहा है कि शाहिद भी कोर्ट में समर्पण करने की फिराक में था, लेकिन शोएब के बाराबंकी में गिरफ्तार होने से शाहिद फरार हो गया।