लखनऊ। महंगे शौक व दोस्तों के साथ होटलों में रंगीन पार्टी के लिए रुपये नहीं मिले तो सिपाही का बेटा लुटेरा बन गया। उसने दोस्तों संग एक गिरोह बनाकर राह चलते लोगों का मोबाइल लूटना शुरू कर दिया। बाराबंकी में तैनात सिपाही के बेटे को विकासनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से लूट का मोबाइल व वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक विकासनगर आनंद कुमार तिवारी के मुताबिक अंबेडकरनगर जनपद निवासी आतिफ इस्माइल का मोबाइल कुछ दिन पहले स्कूटी सवार दो बदमाशों ने छीन लिया था। आतिफ ने विकासनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने घटना को अंजाम देने वालों के बारे में पता लगाया। शुक्रवार को पुलिस टीम ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले की तलाश में मड़ियांव में दबिश दी। वहां से दीपक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल और वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दीपक ने बताया कि लूट की घटना में उसके साथ विकासनगर निवासी दिवाकर भी शामिल था। अब पुलिस दिवाकर की खोज में लगी है। एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक दीपक के पिता प्रदीप कुमार यूपी पुलिस में सिपाही हैं और मौजूदा समय में बाराबंकी जनपद में तैनात हैं। दीपक अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए लूट करता था।