लखनऊ। आलमबाग में एक व्यापारी नेता को पूछताछ के लिए थाने बुलाने पर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। सैकड़ों व्यापारियों के थाने पहुंचने पर पुलिस ने कुछ घंटे बाद व्यापारी नेता का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच कराने के लिए जब्त करके उन्हें छोड़ दिया।
आलमबाग के नटखेड़ा रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष व कॉस्मेटिक व्यापारी रतपाल सिंह गोल्डी को शनिवार को आलमबाग पुलिस ने एक मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। जहां पुलिस ने गोल्डी को बैठा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी सैकड़ों व्यापारियों संग थाने का घेराव कर हंगामा करने लगे। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। शाम छह बजे डीसीपी (पश्चिम) सोमेन वर्मा ने पूछताछ के बाद गोल्डी को छोड़ने का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। फिर आधे घंटे पूछताछ के बाद गोल्डी को उनके भाई गुरुदीप सिंह के साथ घर भेज दिया गया।
डीसीपी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दिनों हुई एक वारदात को लेकर गोल्डी को कुछ जानकारी होने की सूचना पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। गोल्डी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि डाटा रिकवर हो सके। जरूरत पड़ने पर गोल्डी को पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया जाएगा।