ग्रीन गैस कंपनी लिमिटेड की गोमतीनगर विशालखंड में पीएनजी पाइपलाइन को मंगलवार को निजी टेलीकाम कंपनी के कर्मचारियों ने रोड कटिंग के दौरान तोड़ दिया। इससे गोमतीनगर क्षेत्र के करीब चार हजार घरों में दिनभर गैस आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। निजी टेलीकाम कंपनियों के रोड कटिंग के दौरान गैस पाइपलाइन तोड़ने के कई मामले पहले भी आ चुके हैं। इसी महीने छह मामले आ चुके हैं।
ग्रीन गैस कंपनी के अधिकारी एसपी गुप्ता ने बताया कि टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के लिए रोड कटिंग करने वालों ने मंगलवार सुबह दस बजे पीएनजी गैस पाइपलाइन को तोड़ दिया। इससे विपुलखंड, विराजखंड, विकासखंड, विनयखंड, विनीतखंड, विरामखंड और विवेक खंड में आपूर्ति बाधित हुई। टेलीकॉम कंपनियों द्वारा गैस पाइपलाइन तोड़ने का यह पहला मामला नहीं है। गैस पाइपलाइन की मरम्मत का काम चल रहा है जो देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे पहले भी कई बार पाइपलाइन तोड़ी गई, दो दिसंबर को विजयंतखंड, नौ दिसंबर को आम्रपाली चौक, 12 दिसंबर को गोमतीनगर विस्तार, 14 दिसंबर को इंदिरानगर, 17 दिसंबर को अंसल गोल्फ सिटी व 28 दिसंबर को सीएमएस चौराहा विशालखंड में लाइन तोड़ी गई थी।
उधर गैस आपूर्ति ठप होने की जानकारी न मिलने से गोमतीनगर वासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्व पुलिस अधिकारी डीके धवन ने कहा कि आपूर्ति बंद होने की न तो जानकारी कंपनी ने दी और न ही उनके अधिकारी फोन उठा रहे हैं। इसे लेकर वे कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में वाद दायर करेंगे।