यूपी में विस्फोट करने के बाद आतंकियों की पश्चिम बंगाल होते हुए बंगलादेश के रास्ते पाकिस्तान निकलने की योजना थी।
इस मंसूबे को कामयाब करने के लिए आईएम कमांडर यासीन भटकल अपने कुछ साथियों का बंगलादेश से पासपोर्ट बनवाने की कोशिश में था।
यूपी समेत अन्य राज्यों में धमाकों की योजना बना रहे आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के कमांडर यासीन भटकल के मंसूबों की जानकारी से सतर्क हुई जांच एज़ेंसियों ने उससे उसकी योजनाओं के बारे में पूछताछ की है।
जांच एजेंसियों ने यह जानने की कोशिश की है कि यासीन का इरादा किस राज्य में कहां धमाका करने का था। इसे कैसे अंजाम दिया जाता। किस माड्यूल का इस्तेमाल होता और कब करने का इरादा था।
इसके साथ ही यह भी पता करने की कोशिश हो रही कि विस्फोट के बाद आतंकी किस राह से कहां भागते या कहां पनाह लेते।
सूत्रों के मुताबिक अभी तक की पूछताछ में यह सामने आया है कि यूपी और बिहार में संभावित धमाकों के बाद आतंकियों का इरादा पश्चिम बंगाल होते हुए बंगलादेश और फिर पाकिस्तान या किसी खाड़ी देश निकल जाने की थी।
इसके लिए यासीन पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई बार बंगलादेश गया था और अपने साथियों के लिए पासपोर्ट बनवाने की कोशिश में था।
पासपोर्ट इसलिए नहीं बन सके थे क्योंकि अभी वह यूपी में धमाकों के लिए माड्यूल तय नहीं कर सका था। इसके लिए उसने आईएसआई के अपने आकाओं से भी विमर्श किया था।
आईएसआई ने भी उसे नए माड्यूल हासिल करने में मदद का आश्वासन दिया हुआ था। इस काम को जल्दी ही अंजाम दिया जाना था।