कांग्रेस ने शुक्रवार को यूपी के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए विभिन्न पैनल गठित किए। इस दौरान सबसे महत्वपूर्ण चुनाव अभियान समिति का प्रमुख पीएल पुनिया को नियुक्त किया गया। कांग्रेस ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (यूपीसीसी) की चुनाव अभियान समिति, चुनाव रणनीति और योजना समिति, चुनाव समन्वय समिति, चार्जशीट समिति और चुनाव घोषणा पत्र समिति के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
20 सदस्यीय अभियान समिति के प्रमुख पुनिया जबकि संयोजक प्रदीप जैन बनाए गए हैं। पैनल में मोहसीना किदवई, प्रमोद तिवारी, राज बब्बर, आरपीएन सिंह, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, इमरान मसूद और इमरान प्रतापगढ़ी भी शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तीन नए उपाध्यक्ष, 13 महासचिव और 31 सचिव नियुक्त किए हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में घोषणा पत्र तैयार करने के लिए गठित कमेटी की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को सौंपी है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार शाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नए पदाधिकारियों और चुनाव के मद्देनजर गठित कमेटियों की घोषणा की। उपेंद्र सिंह, मकसूद खान और जयवंत सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मोनिंदर सूद वाल्मीकि, सुबोध श्रीवास्तव, अरशद अली गुड्ड़ू, जय करन वर्मा, मुकुंद तिवारी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सरिता पटेल, अखिलेश शुक्ला, सचिन चौधरी, शरद मिश्रा, धर्मेंद्र निषाद, अभिषेक पटेल और दिनेश कुमार सिंह को पीसीसी महासचिव नियुक्त किया है।