लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज में जल्द सभी विषयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मुकेश पति ने यह जानकारी दी। सोमवार को कॉलेज में उनके सम्मान में इंस्टॉलेशन सेरेमनी का आयोजन हुआ। इस मौके पर उन्होंने कॉलेज को लेकर अपनी भविष्य की योजनाएं साझा कीं।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में हर विषय की पीजी कक्षाओं की शुरुआत के लिए काम भी शुरू कर दिया है। डॉ. मुकेशपति ने इस साल 24 अक्तूबर को अपना पद संभाला है। इससे पहले वे इलाहाबाद स्थित इविंग क्रिश्चियन कॉलेज में बॉटनी विभाग के विभागाध्यक्ष थे।
सोमवार को समारोह के दौरान बिशप फिलिप एस मसीह ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि आप चाहे तो कॉलेज का स्तर ऊंचा उठा सकते हैं। इसमें सभी शिक्षकों का सहयोग रहेगा। 1862 में स्थापित इस कॉलेज में इस समय एमपीएड, एमए इंग्लिश और एमएससी केमिस्ट्री की कक्षाएं चलती हैं।