आयुष मंत्रालय ने यूपी में होम्योपैथी में तीन विषयों में स्नातकोतर पाठ्यक्रम यानी एमडी शुरू करने की अनुमति दे दी है। राजकीय नेशनल होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में मटेरिया मेडिका, ऑर्गनन ऑफ मेडिसिन और रिपर्रटरी विषयों में एमडी पाठ्यक्रम शुरू हो होगा।
सत्र 2018-19 में प्रत्येक विषयों में छह-छह सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी गई है। बता दें, प्रदेश में सात राजकीय मेडिकल कॉलेज हैं। शिक्षकों व अन्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहे राजकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों में अभी तक एमडी की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई थी।
केंद्रीय होम्योपैथी परिषद के मानक के अनुसार एमडी पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए उस विषय में एक प्रोफेसर, एक रीडर और एक लेक्चरर होना जरूरी है। इस मानक को पूरा किया जाता कि इससे पहले ही भारी संख्या में शिक्षकों के तबादले कर दिए गए।
इससे एक बार फिर एमडी शुरू करने की अनुमति के लिए खतरा हो गया था, लेकिन किसी तरह इस संकट से होम्योपैथी विभाग उबर गया। आयुष मंत्रालय ने केंद्रीय होम्योपैथी परिषद के रिपोर्ट के बाद राजकीय नेशनल होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में एमडी की पढ़ाई की अनुमति दी है।