ट्रांसगोमती इलाके को जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने खाका तैयार किया है। इसके तहत गोमतीनगर में जयपुरिया कॉलेज के आसपास नो-पार्किंग जोन और पत्रकारपुरम, भूतनाथ व निशातगंज बाजार के भीतर नो व्हीकल और नो-पार्किंग जोन बनाने की तैयारी है।
इन बाजारों के भीतर गाड़ियां नहीं जा सकेंगी। इसके अलावा आईटी चौराहे से डंडइया होते हुए विष्णुपुरी कॉलोनी तक के रूट को वन-वे बनाने की योजना है। इन वहीं डंडइया बाजार और महानगर के बुधबाजार को शिफ्ट करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एक रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है। वहां से आदेश मिलते ही इन रूटों पर यातायात सुधार के काम शुरू कर दिए जाएंगे।
ट्रैफिक अफसरों का कहना है कि पत्रकारपुरम बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। यहां लोग सड़क पर अपनी गाड़ियां बेतरतीब खड़ी कर देते हैं। इससे यहां रोज ही जाम लग जाता है।