लखनऊ में हर साढ़े चार मिनट पर यात्रियों को मेट्रो मिलेगी। पूर्व में जो हेड-वे (दो ट्रेनों के बीच का अंतराल) 14 मिनट तक का था जिसे लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने कम कर दिया है।
14 मिनट तक कोई यात्री अगली ट्रेन का इंतजार करेगा, ये प्रैक्टिकल नहीं लग रहा था। इसके अलावा एक और खुशखबरी एलएमआरसी की ओर से दी गई है कि रेलवे ने मवइया पर बनाए जा रहे स्पेशल स्पैन के काम को हरी झंडी दे दी है।
इसमें पूर्व में डीपीआर के मुताबिक शार्प कर्व लेकर जो ट्रैक बनाया जाना था,उसी हिसाब से काम होगा। रेलवे के प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर आरएस अग्रवाल के दौरे के बाद यह फैसला हो गया है।
पीआईबी अनुमोदन के बाद एलएमआरसी की बुधवार को हुई पहली साप्ताहिक मीडिया बीफ्रिंग में कई सकारात्मक जानकारी प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि यूरोपियन यूनियन बैंक से ऋण का मसला और रोलिंग स्टॉक (बोगी और सिग्नलिंग सिस्टम) का टेंडर भी जल्द ही क्लीयर हो जाएगा।
यूरोपियन यूनियन बैंक इस सप्ताह के बाद ऋण और टेंडर अनुमोदन की प्रक्रिया शुरू कर देगा। इन दिनों पूरे यूरोप में छुट्टी चल रही है। इसलिए काम बंद हैं। अगस्त के आखिर तक रोलिंग स्टॉक के टेंडर को लेकर कंपनी भी तय हो जाएगी।