यूपी के सचिवालय में नौकरी करने के सपना अब पूरा हो सकता है। लखनऊ सचिवालय में लंबे समय बाद चतुर्थ श्रेणी के 368 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इनमें 218 पद अनारक्षित हैं जबकि 76 पद अनुसूचित जाति, पांच अनुसूचित जनजाति और 69 ओबीसी के लिए आरक्षित रहेंगे। इन पदों के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन फार्म जमा होंगे। बुधवार से आवेदन प्रारंभ भी हो गए।
सचिवालय में अनुसेवक और फर्राश (वेतमनान 5200-20200, ग्रेड पे 1800 रुपये) के पदों पर भर्ती आठ साल बाद हो रही है। भर्ती के लिए न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 साल की आयु सीमा रखी गई है।
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार उम्र की छूट दी जाएगी लेकिन इसके लिए उन्हें आरक्षित वर्ग से होने का प्रमाणपत्र देना होगा। आयु की गणना एक जुलाई 2015 से होगी। यानी एक जुलाई 2015 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले पात्र होंगे।