करीब 70 दिनों के बाद लखनऊ के सभी बड़े पार्कों में सुबह और शाम घूमने, कसरत करने वाले दिखे। लॉकडाउन के चलते आम जनता के लिए बंद किए गए इन पार्कों को एलडीए ने बुधवार से मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिए प्रतिबंध के साथ खोला है।
वीसी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि पार्कों में बिना मास्क लगाए प्रवेश नहीं जाने दिया जाएगा। गार्ड निगरानी कर रहे हैं कि लोग सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं कि नहीं। हालांकि, बुधवार को जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क में कम ही लोग पहुंचे।
इनमें से कुछ बिना मास्क के भी दिखे। इनका कहना था कि जॉगिंग के समय मास्क पहनने से सांस लेने में दिक्कत होती है। सामान्य वॉक के समय मास्क पहन रहे हैं। वहीं, जनेश्वर मिश्र पार्क में लोगों ने सैनिटाइजर का इंतजाम न होने की शिकायत दर्ज कराई।
सिस गोमती के बेगम हजरत महल पार्क, बुद्धा पार्क, हाथी पार्क, स्मृति उपवन, जॉगर्स पार्क, स्मृति उपवन को भी सुबह और शाम घूमने आने वालों के लिए खोल दिया गया है।