कोविड के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर गृह विभाग की ओर से नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत एयरपोर्ट वाले जिलों में एक-एक कोविड अस्पताल चिह्नित कर उन्हें विदेश से आए यात्रियों के आइसोलेशन के लिए रिजर्व किया गया है। इसके लिए जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों व सीएमओ से दो दिन के अंदर निरीक्षण आख्या पेश करने को कहा गया है।
इस नए खतरे को लेकर गृह विभाग के कंट्रोल रूम को भी सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि विदेश से आए किसी यात्री के कारण कोरोना का संक्रमण फैला तो संबंधित जिले के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। लखनऊ व वाराणसी के डीएम को पुलिस आयुक्तों के साथ अपने यहां के एयरपोर्ट का निरीक्षण कर थर्मल स्कैनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोएडा के डीएम बनाए गए नोडल अधिकारी
नोएडा के डीएम सुहास एलवाई को राज्य सरकार की ओर से विदेश से आए यात्रियों का विवरण उपलब्ध कराने के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा सभी जिलाधिकारियों को रेलवे व बस स्टेशनों पर सैंपलिंग कराने व थर्मल स्कैनिंग के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे राज्यों से आने वाली बसों पर विशेष सतर्कता के भी निर्देश हैं।
नोएडा व गाजियाबाद के डीएम दिल्ली से स्थापित करें समन्वय
अवस्थी ने कहा है कि नोएडा व गाजियाबाद के डीएम पहले की तरह दिल्ली से समन्वय स्थापित कर विदेशी यात्रियों के संबंध में विशिष्ट आदेश जारी करें। इनकी कोविड कमांड कंट्रोल रूम से सात दिनों तक लगातार निगरानी हो और लक्षण पाए जाते ही टीम घर भेजकर पूरे परिवार की आरटी-पीसीआर जांच कराई जाए।