लखनऊ में पीजीआई थानाक्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-7 निवासी राजेश पांडेय (35) ने रविवार शाम को फांसी लगा ली। वह पीएसी 32वीं वाहिनी में बतौर आरक्षी तैनात थे। खुदकुशी से पहले राजेश ने पत्नी को व्हॉट्सएप कॉल कर कहा था कि मैं फांसी लगाने जा रहा हूं।
पत्नी के सवाल पर कॉल डिस्कनेक्ट कर दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। पुलिस को कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रभारी निरीक्षक पीजीआई अशोक कुमार सरोज के मुताबिक, मूलरूप से प्रतापगढ़ निवासी राजेश पांडेय पीएसी 32वीं वाहिनी में बतौर आरक्षी तैनात हैं।
वह वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-7 में रहते हैं। वर्तमान में पत्नी कुसुम दोनों बच्चों को लेकर मायके गई हुई हैं। रविवार शाम करीब छह बजे वह घर पहुंचे और पत्नी को व्हॉट्सएप कॉल की। बातचीत के दौरान राजेश ने पत्नी से कहा कि मैं फांसी लगाने जा रहा हूं।
पत्नी ने ऐसा करने से मना किया, लेकिन राजेश ने कॉल डिस्कनेक्ट की और फांसी लगा ली। इसके बाद घबराई कुसुम ने कैंट के निलमथा निवासी राजेश के रिश्तेदार जितेंद्र मिश्रा को कॉल की। जितेंद्र वृंदावन कॉलोनी पहुंचे तो देखा कि राजेश ने दुपट्टे के सहारे पंखे के कुंडे से फांसी लगा ली थी।