पीआर एजेंसी का मालिक आशीष गुप्ता गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में हजरतगंज में इनब्लॉक नाम से मोबाइल फोन लांचिंग के होर्डिंग में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फोटो लगाकर प्रचार करने वाली पब्लिक रिलेशन कंपनी के मालिक आशीष गुप्ता को पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आशीष ने ही पीएम और सीएम के फोटो लगे होर्डिंग शहर में लगवाए थे। पुलिस अब राज्यमंत्री के भाई व इस मामले में नामजद ललित अग्रवाल से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आशीष गुप्ता ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है और मेक यू बिग नाम की पब्लिक रिलेशन कंपनी चलाता है। मोबाइल लांचिंग के प्रचार-प्रसार का काम उसकी कंपनी के पास ही था। उसने ही प्रचार के होर्डिंग में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के फोटो लगवाए थे। शुरुआती पड़ताल में इसकी पुष्टि के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो मंगलवार को इंदिरानगर में लोकेशन मिल गई। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
मालूम हो कि कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के भाई ललित अग्रवाल ने फेसचैन कंपनी के मोबाइल फोन इनब्लॉक को पहला स्वदेशी फोन बताते हुए लखनऊ व नोएडा में लांच कराया था। लांचिंग कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ललित के भाई व कौशल विकास राज्यमंत्री के अलावा कानपुर की विधायक नीलिमा कटियार, लखनऊ के विधायक डॉ. नीरज बोरा, प्रतापगढ़ के विधायक देवमणि द्विवेदी और फेसचैन कंपनी के सीईओ दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी समेत तमाम राजनीतिक व सामाजिक शख्सियतें मौजूद थीं। लांचिंग कार्यक्रम के जो होर्डिंग लगवाए गए थे, उनमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के फोटो लगे थे। पुलिस का कहना था कि उक्त फोटो से आमजनता में यह भ्रम पैदा किया गया कि इनब्लॉक नाम का स्वदेशी मोबाइल फोन सरकार की तरफ से लांच किया जा रहा है। उपनिरीक्षक की तरफ से ललित अग्रवाल समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कराया गया था।