लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने तिलक छात्रावास की छात्राओं को ओपेन जिम की सुविधा दी है। छात्रावास के खुले गार्डन में आधा दर्जन से अधिक एक्सरसाइज की मशीनें लगाई गई हैं, जिसकी शनिवार को कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने विधिवत शुरुआत की। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया के तहत छात्राओं को यह सुविधा मिली है। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें स्वस्थ रहने और उसके फायदों से अवगत कराया।
प्रोवोस्ट डॉ. भुवनेश्वरी भारद्वाज ने बताया कि ओपेन जिम में आधा दर्जन से अधिक मशीनें लगाई गई हैं। कुछ और भी आनी प्रस्तावित हैं। इससे छात्राएं खुद को स्वस्थ रख सकती हैं। जिम की सुविधा शुरू होने से छात्राएं भी काफी खुश थीं। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एएम सक्सेना, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. पूनम टंडन, डीन सीडीसी प्रो. अवधेश कुमार आदि अधिकारी उपस्थित थे।