36 घंटे के बाद मध्यांचल निगम के एमडी ने फतेहगंज की बिजली को 132 केवी नए मोहान रोड उपकेंद्र से चालू कराई तो 33 केवी के नए केबल में धमाका हो गया।
इससे फतेहगंज एवं डॉ. शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र दोबारा ठप हो गए। वहीं, बंगला बाजार में शनिवार सुबह महाराणा चौराहे के निकट 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से बिजली संकट रहा।
मालूम हो कि शुक्रवार को 6:30 बजे फतेहगंज एवं डॉ. शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र ठप हुए जो आधी रात 12 बजे चालू हुए। शनिवार तड़के 4 बजे दोबारा यह उपकेंद्र बंद हो गए। कोशिश के बावजूद इलाकाई इंजीनियर बिजली चालू नहीं कर पाए।
इससे शकुंतला विवि सहित आधा दर्जन शैक्षिक संस्था, पारा, डिप्टीखेड़ा, हंसखेड़ा, भपटामऊ, बुद्घेश्वर, बादशाहखेड़ा, आलमविहार, सोना विहार, बुद्घेश्वर विहार, पिंकसिटी, मॉडलसिटी, आलमनगर रोड, मोहान रोड एवं हरदोई रिंग रोड के आवासीय एवं बाजारों में पूरे दिन बिजली ने रुलाया।
इससे आजिज व्यापारी दोपहर 12 बजे हंगामा करने पहुंचे गए। नए 132 केवी उपकेंद्र से शाम 4:44 बजे बिजली चालू हुई और चंद मिनट बाद धमाका हो गया।
इससे इंजीनियरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शाम 6:15 बजे दूसरी केबल से फतेहगंज व शकुंतला उपकेंद्र के इलाकों को रोशन किया।