वन्यजीव प्रेमियों को नई बाल रेल के बाद एक और सौगात
मिलने जा रही है। अब आप घर बैठे जू के टिकट बुक करा सकेंगे। इस योजना का
शुभारंभ कर दिया गया है।
इस योजना के शुरू होते ही जू का सैर-सपाटा करने वाले दर्शक घर बैठे या मोबाइल पर ही अपना टिकट बुक करा सकेंगे।
और तो और ऑनलाइन बुकिंग पर दस प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। जू में इस नई व्यवस्था को अमलीजामा पहनाने के लिए करीब 6 महीने से प्रयास चल रहे थे।
जू निदेशक अनुपम गुप्ता ने बताया कि जू का टिकट बुक कराने के लिए दर्शकों को जू की वेबसाइट पर जाना होगा। वहां तीन आसान स्टेप्स में टिकट ऑनलाइन बुक हो सकेंगे।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग योजना के तहत दर्शक एडवांस टिकट भी बुक करा सकेंगे। इसके अलावा लखनऊ जू की नई वेबसाइट पर अन्य विकल्प भी मिलेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक होली, दीपावली, ईद, क्रिसमस, नए साल के सीजन सहित छुट्टियों के दिनों में जू में लगभग 15 से 20 हजार दर्शक पहुंचते है।
इतनी संख्या में पहुंचे दर्शकों को टिकट के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है। ऐसे में दर्शकों की सुविधा के लिए ई-टिकट योजना लागू की जा रही है। दर्शक ऑनलाइन नॉर्मल और पैकेज दोनों तरह के टिकटों की बुकिंग करा सकते हैं।