यूपी के सभी विकास प्राधिकरणों और आवास विकास परिषद में अब मकान के नक्शे ऑनलाइन ही पास होंगे। इसके लिए आवास विभाग ने ‘उप्र ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान एप्रूवल सिस्टम’ (ओबीपीएएस) को लागू करने का फैसला किया है। आवास विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने सभी विकास प्राधिकरणों व आवास आयुक्त को इसे लागू करने के निर्देश दिए हैं।
इसे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत अनिवार्य रुप से लागू किया जाना हैं। बता दें, इस सिस्टम को लागू करने का फैसला पिछले साल लिया गया था, लेकिन सॉफ्टवेयर में तैयार करने में आ रही परेशानी के मद्देनजर इसे लागू नहीं किया जा सका था। गोकर्ण के मुताबिक ओबीपीएएस में होने वाले अत्यधिक भार को देखते हुए इसे बिल्ड ऑन इंड ऑपरेट(बीडीओ) पद्धति पर लागू किया जाएगा। वहीं, इसमें मानवीय हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं के बराबर होगी।
ओबीपीएएस के लागू होने के साथ विकास प्राधिकरणों के साथ ही आवास विकास परिषद में भी बिल्डिंग के नक्शे ऑनलाइन पास होंगे इससे आम लोगों को नक्शा पास कराने के लिए न तो अधिकारियों के चक्कर लगाने होंगे और नही तय शुल्क से अधिक धन खर्च करना पड़ेगा।