गिरफ्तार किया गया इनामी बदमाश पुलिस के साथ तमंचा बरामदगी के लिए गया था। तमंचा मिलने पर वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसकी टांग में गोली लगी।
बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह लूट में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं तमंचा बरामद कर लिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार रामसनेहीघाट के भुडेहरी गाने निवासी अपराधी घोषित गोविन्द पर 10 हजार का इनाम घोषित है। वह लूट के मामले में फरार चल रहा था। मंगलवार रात कोटवा सड़क के पास से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उसने स्वीकार किया कि तमंचा जंगल में छुपा रखा है।
बुधवार सुबह पुलिस बनीकोडर से ठठेहरा जाने वाली रोड के पास स्थित जंगल में तमंचा बरामदगी के लिए गोविंद को ले गई थी। तमंचा मिलते ही वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में गोविन्द के बाएं पैर में गोली लगी।
घायल अवस्था में आरोपी को सीएचसी रामसनेहीघाट लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपी के पास से एक तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। गोविंद पर बाराबंकी व अयोध्या जिले में लगभग 11 मामले दर्ज हैं।