बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में आधी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई। पुलिस टीम ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के सोने चांदी के जेवर बरामद किए हैं। घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इनमें एक बदमाश पर 20000 रुपए का इनाम भी घोषित था।
इस समय जिले के कई थाना क्षेत्रों में चोरी की ताबड़तोड़ घटनाओं से लोगों में दहशत है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की आधी रात क्राइम ब्रांच की स्वाट, सर्विलांस व थाना बड्डूपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा भगौली के पास चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस द्वारा दोनों को रोकने का प्रयास किया गया तो रुकने की बजाय दोनों भागने लगे। पुलिस ने दोनों को दौड़ाया तो बदमाशों द्वारा फायरिंग शुरू कर दी गई।
ये भी पढ़ें - 'वो खिलाड़ियों का नहीं कांग्रेस का आंदोलन था...' विनेश और बजरंग के राजनीति में आने पर बोले बृजभूषण
ये भी पढ़ें - मानसून में निष्क्रियता के संकेत, घटेगा बारिश का दायरा, प्रदेश के इन जिलों में होगी बारिश
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों द्वारा की जा रही फायरिंग के दृष्टिगत पुलिस टीम में भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश और उसके साथी को दबोच लिया। फायरिंग में घायल बदमाश सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र के सिसैया गांव का निवासी रिंकू कोरी उर्फ विशाल है। रिंकू की उम्र करीब 26 वर्ष है। वहीं 24 साल का दूसरा बदमाश बाबू उर्फ श्रीपाल भी सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के असईपुर गांव का निवासी है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो अदद तमंचे, तीन कारतूस, नकदी, सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल व बाइक बरामद की गई। घायल रिंकू कोरी के विरुद्ध प्रतापगढ़, सीतापुर व बाराबंकी जिले में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमें पंजीकृत हैं।
जांच में पता चला कि रिंकू सीतापुर के रामपुर मथुरा थाने से गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा था। बाराबंकी के थाना मोहम्मदपुरखाला पर दर्ज चार मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। जिसे लेकर बाराबंकी एसएसपी ने रिंकू पर 20000 रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस में दावा किया कि पकड़े गए बदमाशों ने थाना घुंघटेर क्षेत्र में एक, थाना बड्डूपुर क्षेत्र में दो और मोहम्मदपुरखाला क्षेत्र में चोरी की एक घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।