आगरा में आंधी-तूफान से पीड़ित एक परिवार से सीएम योगी मिले
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ओलावृष्टि, आंधी, तूफान व चक्रवात से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिलाधिकारियों को गांवों में कैंप लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है। अधिकारी कैंप में केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ इन परिवारों को दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को आपदा प्रभावित गांवों के लोगों को राहत पहुंचाने के संबंध में आयोजित बैठक में शासन के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। राहत आयुक्त संजय कुमार ने मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को इस बाबत पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने बताया है कि किस तरह कैंप का आयोजन किया जाना है और किन-किन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
कैंप में मिलेंगी ये सुविधाएं
- प्रभावित परिवारों में जिनका राशन कार्ड नहीं बना है, उनका राशन कार्ड बनेगा।
- जिनका बैंक खाता नहीं है उनकाखाता खुलवाया जाएगा।
- जिनका मकान नष्ट हुआ है उनको राज्य आपदा मोचक निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा।
- पात्र व्यक्तियों को वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा।
- पात्र लोगों को उज्जवला योजना का लाभ मिलेगा।
- प्रभावित परिवारों को सौभाग्य योजना के अंतर्गत बिजली कनेक्शन दिया जाएगा।
- पात्र व्यक्तियों को अन्य लाभार्थी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।