कोरोना के लिए संवेदनशील पांच इलाकों में रैपिड रिस्पॉन्स (आरआर) टीमों की संख्या को दोगुना करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
क्योंकि दूसरी लहर की तरह ही अलीगंज, गोमतीनगर, इंदिरा नगर, आलमबाग और आशियाना से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। बृहस्पतिवार तक शहर में सक्रिय मामलों की संख्या 50 थी।
स्वास्थ्य विभाग ने अप्रैल में आरआर टीम में बढ़ोतरी कर करीब 1400 लोगों को भर्ती किया था। अगस्त में केस कम मिलने पर कटौती के बाद आरआर टीम में कुल 700 का स्टाफ था। ऐसे में हर सीएचसी के अधीन तीन से चार आरआर टीम रखी गई थी।
सीएमओ डॉ. मनोज ने बताया कि केस बढ़ने पर अब संवेदनशील पांच इलाकों में दस-दस टीमें लगाई गईं हैं। एक टीम में दो लोग होते हैं। दावा है कि करीब 12 हजार लोगों की जांच रोज हो रही है। इसमें 70 प्रतिशत आरटीपीसीआर व तीस प्रतिशत एंटीजेन हैं।
राजधानी में कोरोना के चार मरीज मिले
राजधानी में बृहस्पतिवार को कोरोना के चार नए मरीज मिले। इनमें से दो की ट्रेवल हिस्ट्री सामने आई है। सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं। कोविड कमांड सेंटर से सभी मरीजों का हाल लिया जा रहा है। आरआर टीम मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कर रही है।
सीएमओ डॉ. मनोज के मुताबिक, कमांड हॉस्पिटल आए दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक व्यक्ति राजस्थान जबकि दूसरा श्रीनगर से करीब हफ्तेभर पहले वापस आया था। दोनों में लक्षण आने पर जांच कराई थी। दोनों मरीजों को कमांड हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। तीसरा मरीज गोमतीनगर के विनम्रखंड का है। सर्दी-जुखाम बुखार होने पर मरीज ने जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चौथा मरीज पुराना केस है। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के नमूने जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए केजीएमयू भेजे गए हैं।
पहले आनाकानी, दूसरे दिन 90 नमूने लिए
पूर्व सीएम की पत्नी व बेटी के पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए गई बुधवार को घर गई थी। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में टीम के पसीने छूट गए। कोई भी नमूना देने को राजी नहीं था। काफी मशक्कत के बाद टीम तीन लोगों के नमूने ले पाई थी। बृहस्पतिवार शाम को टीम को दोबारा घर पर बुलाया गया। इस दौरान स्टाफ, नौकर और परिवार के करीब 90 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
स्वास्थ्य विभाग दबा गया पूर्व सीएम की बेटी की पॉजिटिव रिपोर्ट
पूर्व सीएम की पत्नी डिपंल यादव की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पहले उनकी बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसकी रिपोर्ट 19 दिसंबर को पॉजिटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले को दबा गया। वहीं, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सैफई मेडिकल कॉलेज से अपनी जांच करवाई। जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि अभी वह आइसोलेशन में रहेंगे।