महासचिव को सोना व चांदी सौंपते चंपत राय।
- फोटो : amar ujala
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने शनिवार को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को करीब एक क्विंटल सोना, चांदी सहित एक लाख रुपये का चेक सौंपा, जो उन्हें कई महीनों से भक्तों द्वारा दान दिया जा रहा था। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इसे स्वीकार किया है।
राममंदिर निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में चांदी व सोना राम भक्तों द्वारा समर्पित किया जा रहा है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर निर्माण को लेकर पिछले 2 महीने से ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के पास आ रहे राम भक्त कुछ न कुछ भेंट दे रहे थे। विशेष रूप से चांदी दे रहे थे।
वहीं, मणिराम दास छावनी के पुजारी साकेतवासी महंत बजरंग दास ने भी मंदिर निर्माण के लिए 40 किलो की चांदी की ईंट दी थी। ऐसे ही 10 किलो, 1 किलो, 5 किलो कुल मिलाकर एक क्विंटल चांदी रखी थी और सोने के दाने भी थे।
स्वर्ण के चावल के दाने भी महाराज जी को कुछ भक्त दे गए थे। जिसे महंत नृत्यगोपाल दास द्वारा ट्रस्ट को सौंपा गया है। चंपत राय ने कहा कि यह सभी दान सुरक्षित रहेगा, योग्य समय आने पर इसका यथोचित प्रयोग हो, इसकी चिंता ट्रस्ट की ओर से की जाएगी।